कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने बोलेरो वाहन किया जब्त, ट्रैक्टर दिलाने के नाम पर ₹5.30 लाख की धोखाधड़ी का भी आरोप
अनूपपुर। बोलेरो वाहन को एनएचआई कंपनी में लगाने के नाम पर वाहन मालिक से धोखाधड़ी कर वाहन लेकर फरार होने के मामले में कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बुलेरो वाहन क्रमांक MP18ZK0201 एवं नगदी जब्त किए जाने की जानकारी दी है। मामले में एक महिला को भी आरोपी का सहयोग करने के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम केकरपानी निवासी दुबेलाल यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बुलेरो का चालक राजेन्द्र सिंह परस्ते वाहन को एनएचआई कंपनी में लगवाने का झांसा देकर बुलेरो लेकर फरार हो गया। शिकायत पर कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 476/26, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसी प्रकार सुरेन्द्र सिंह परस्ते की शिकायत पर ट्रैक्टर दिलाने के नाम पर अलग-अलग लोगों से रकम लेने और धोखाधड़ी करने का मामला भी दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक इस मामले में कुल ₹5.30 लाख की राशि से संबंधित शिकायत सामने आई, जिसमें अपराध क्रमांक 508/26, धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
सीहोर में मिला आरोपी
पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रान्त मुराब के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी संजय अशोक एक्का के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर सूचना एवं साइबर सेल की मदद से आरोपी का लोकेशन जिला सीहोर में मिलने पर पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लिया और अनूपपुर लाकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुनील मोहनलाल शर्मा उर्फ सुनील शर्मा, निवासी ग्राम बमोरी, थाना तलेन, जिला राजगढ़ बताया। पुलिस का दावा है कि आरोपी अनूपपुर जिले में राजेन्द्र सिंह परस्ते के नाम से रह रहा था और क्षेत्र में कई लोगों से आर्थिक धोखाधड़ी किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।
फर्जी टोल पर्ची लगाने का भी पुलिस का दावा
पुलिस के अनुसार आरोपी दुबेलाल यादव की बुलेरो पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के टोल प्लाजा की फर्जी पर्ची चिपकाकर वाहन चलाता था। पुलिस ने यह भी बताया कि ऑनलाइन प्राप्त रकम को एक महिला के खाते में ट्रांसफर कर निकाले जाने की जानकारी पूछताछ में सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक मामले में आरोपी गीतांजली बाई परस्ते की भूमिका भी सामने आने पर उसे 17 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने आरोपी सुनील मोहनलाल शर्मा उर्फ राजेन्द्र परस्ते के कब्जे से शिकायतकर्ता का बुलेरो वाहन MP18ZK0201 तथा नगदी जब्त किए जाने की जानकारी दी है।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक त्रिलोक सिंह वालरे, प्रधान आरक्षक महेन्द्र राठौर, आरक्षक अमित यादव तथा साइबर सेल से प्रधान आरक्षक राजेन्द्र अहिरवार एवं पंकज मिश्रा की भूमिका बताई गई है।



