शहडोल संभाग के खिलाड़ियों ने दिखाया खेल कौशल, विजेता-उपविजेताओं को ट्रॉफी व नकद पुरस्कार से किया सम्मानित
अनूपपुर। मैकाल क्लब अनूपपुर के प्रांगण में आयोजित त्रि-दिवसीय संभाग स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य एवं गरिमामय समापन हुआ। प्रतियोगिता में शहडोल संभाग के शहडोल, उमरिया, धनपुरी, ब्यौहारी, कोतमा, बिजुरी, भालूमाड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों से खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का सफल आयोजन जिला खेल अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में जयंत राव, राजा, आदिल,नितिन यादव,वरूण चटर्जी सहित अनूपपुर के समस्त खिलाड़ियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि वरिष्ठ खिलाड़ी अशोक यादव रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी जल संसाधन विभाग, जिला अनूपपुर के कामता प्रसाद करियाम ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में बाँलीवाल संघ के जिलाध्यक्ष चैतन्य मिश्रा , मैकाल क्लब अनूपपुर, वरिष्ठ खिलाड़ी जमाल उल हक, डॉ. विश्वास, गजेंद्र सिंह, अजय पटेल, पुष्पेंद्र त्रिपाठी एवं एन.एस. ठाकुर, स्टेट रेफरी नेशनल ट्रेनर दिनेश सिंह चंदेल खेल युवा कल्याण विभाग के खेल प्रशिक्षक रामचंद्र यादव और पूरन सिंह श्याम सहित अन्य वरिष्ठ खिलाड़ी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना एवं अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सभी खिलाड़ियों की सराहना की। इस अवसर पर सभी वरिष्ठ खिलाड़ियों एवं अतिथियों द्वारा प्रतिभागी खिलाड़ियों का सम्मान भी किया गया।
*रोमांचक रहे फाइनल मुकाबले*
प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न वर्गों के फाइनल मुकाबले रोमांचक रहे। खिलाड़ियों ने शानदार तकनीक, बेहतर तालमेल और खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
ओपन डबल्स में धनपुरी के इरफान एवं प्रदीप की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं अनूपपुर के राजा एवं आदिल की जोड़ी उपविजेता रही।
ओपन सिंगल्स में धनपुरी के प्रदीप ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि अनूपपुर के आदिल (पटवारी) ने कड़ी टक्कर देते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
वेटरन्स डबल्स 40+ वर्ग में चचाई के मनीष एवं राकेश की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब जीता। वहीं धनपुरी के मुख्तार एवं अजहर की जोड़ी उपविजेता रही।
*ट्रॉफी व नकद पुरस्कार से किया सम्मानित*
समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों एवं वरिष्ठ खिलाड़ियों ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।
आयोजन समिति ने कहा कि संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलता है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ खेल के प्रति रुचि और उत्साह भी बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



