करंट से वन्यजीवों के शिकार की आशंका, मौके पर मिली जीआई तार और बांस की खूंटियां
जयसिंहनगर। वन्यजीवों के अवैध शिकार के प्रयास के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जमानत निरस्त होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर की रात्रि वन परिक्षेत्र जयसिंहनगर में गश्त के दौरान टीम को अवैध रूप से लगाई गई जीआई तार एवं बांस की खूंटियां मिलीं। विभाग को आशंका थी कि इनका उपयोग करंट प्रवाहित कर वन्यजीवों का शिकार करने के लिए किया जाना था। गश्ती दल को देखकर संदिग्ध मौके से फरार हो गए। इसके बाद वन अमले ने पूरी रात क्षेत्र में सघन निगरानी की और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।
डॉग स्क्वाड की मदद से की गई तलाश। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 21 अक्टूबर को डॉग स्क्वाड टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संदिग्धों के ठिकाने तक पहुंचने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर आरोपी नहीं मिले। इसके बाद मुखबिर तंत्र की मदद से पतासाजी की गई और रात्रि में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
तीनों आरोपियों की हुई गिरफ्तारी। गिरफ्तार आरोपियों में सुरेश पिता मोडई कोल, उम्र 37 वर्ष, माखन पिता चित्थू बैगा, उम्र 58 वर्ष तथा रामसुफल पिता दादूराम बैगा, उम्र 52 वर्ष शामिल हैं। वन विभाग ने तीनों के विरुद्ध वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय जयसिंहनगर में प्रस्तुत किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, न्यायालय ने जमानत निरस्त कर जेल वारंट जारी किया, जिसके बाद तीनों को जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई। यह कार्रवाई वनसंरक्षक, वनवृत्त शहडोल अनुपम सहाय के निर्देशन, वन मंडलाधिकारी उत्तर शहडोल तरुणा वर्मा के मार्गदर्शन तथा उप वन मंडलाधिकारी जयसिंहनगर डॉ. गौरव सक्सेना के नेतृत्व में की गई।कार्रवाई में वन परिक्षेत्राधिकारी जयसिंहनगर अशोक कुमार निगम, परिक्षेत्र सहायक राजेन्द्र पुरी, वनपाल दिनेश पनिका तथा बीट गार्ड सूर्यप्रताप सिंह, सुखेन्द्र भारद्वाज एवं जयंत सिंह सहित वन विभाग की टीम शामिल रही।वन्यजीव संरक्षण की दिशा में की गई इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों एवं वन्यप्राणी प्रेमियों ने सराहना की है।
— दैनिक जोहिला टाइम्स



