राष्ट्रपति मुर्मु ने किया छत्तीसगढ़ का सम्मान, बिल्हा ने देशभर में लहराया स्वच्छता का परचम
रायपुर। स्वच्छता और बेहतर नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों ने शानदार उपलब्धि हासिल की है। बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, बिलासपुर को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में दूसरा स्थान और रायपुर नगर निगम को राज्य में प्रथम पुरस्कार मिला है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रदान किए राष्ट्रीय पुरस्कार
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल को सम्मानित किया। प्रदेश की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा तथा संबंधित नगरीय निकायों के महापौरों और अधिकारियों ने पुरस्कार ग्रहण किए। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहे।
छोटे शहर बिल्हा ने देशभर में बनाई पहचान
इस उपलब्धि का सबसे खास पहलू बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा का प्रदर्शन रहा। 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल कर बिल्हा ने यह साबित किया कि बेहतर योजना, प्रभावी स्वच्छता प्रबंधन और नागरिकों की भागीदारी से छोटे नगरीय निकाय भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
बिलासपुर और रायपुर को भी मिला सम्मान
स्वच्छ सर्वेक्षण में बिलासपुर नगर निगम ने स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं राजधानी रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस तरह प्रदेश के तीन नगरीय निकायों की उपलब्धियों ने छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में मिले राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के शहरों में हो रहे सकारात्मक बदलाव और स्वच्छता के प्रति नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बिल्हा की उपलब्धि को गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल स्वच्छता रैंकिंग में आगे रहना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की आदत और हर शहर की पहचान बने।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया सामूहिक प्रयासों का परिणाम
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाना जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने और नगरीय सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही।
छत्तीसगढ़ की यह उपलब्धि बताती है कि स्वच्छता केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि जनभागीदारी, जिम्मेदार नागरिक व्यवहार और बेहतर नगरीय प्रबंधन से शहरों की तस्वीर बदली जा सकती है।


