*अनूपपुर* प्रदेश में एक वरिष्ठ आईएफएस अफसर ने अपना इस्तीफा दे दिया है।उन्होंने इस संबंध में प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख को त्यागपत्र भेजा है।उनके इस्तीफे के बाद प्रशासनिक हल्कों में खलबली मच गई है।हालांकि अधिकारी ने अपने पत्र में इस्तीफे की वजह व्यक्तिगत बताई है,लेकिन अटकलों का दौर शुरु हो चुका है।जबलपुर में डीएफओ योजना के पद पर पदस्थ आईएफएस अधिकारी विपिन पटेल ने इस्तीफा दिया है। जो कि मध्यप्रदेश कैडर के 2013 बैच के आईएफएस अधिकारी हैं।

आईएफएस विपिन पटेल ने 4 फरवरी को अपना इस्तीफा दिया है।उन्होंने पीसीसीएफ को त्यागपत्र भेजा और इसकी कॉपी वन विभाग के सचिव को भी भेजी।पीसीसीएफ को संबोधित अपने इस्तीफे में आईएफएस विपिन पटेल ने कहा है कि वे निजी कारणों से त्यागपत्र दे रहे हैं। उन्होंने आईएफएस सेवा से तुरंत मुक्त करने का आग्रह भी किया है।
विपिन पटेल जबलपुर से पहले अनूपपुर,दमोह,रीवा, सतना में पदस्थ रह चुके हैं।कई जिलों के डीएफओ जैसे अहम पदोें पर रहे आईएफएस विपिन पटेल कुछ सख्त मिजाज माने जाते हैं।अपनी कार्यशैली के कारण वे चर्चित भी रहे।उन्होंने अनूपपुर के डीएफओ के रूप में कर्मचारियों से संबंधित एक विवादित आदेश जारी किया था। इस पर प्रदेश भर के वन कर्मियों ने उनका विरोध किया था। आईएफएस विपिन पटेल के खिलाफ सागर लोकायुक्त पुलिस में शिकायत भी की गई थी, उनका केस अभी लंबित है।



