_कोयलांचल क्षेत्रों में बढ़ती आपराधिक घटनाएं बनी चिंता का विषय, डर के साए में जीने को मजबूर स्थानीय निवासी, अवैध नशे के कारोबार पर प्रशासनिक नियंत्रण को लेकर उठ रहे गंभीर सवाल_
बिजुरी, अनूपपुर/ अनूपपुर जिले के कोयलांचल क्षेत्रों में लगातार घटित हो रही आपराधिक एवं संदिग्ध घटनाओं ने आमजन की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र में बीते कुछ दिनों के भीतर हुई घटनाओं ने कानून व्यवस्था, प्रशासनिक सक्रियता तथा अवैध नशे के कारोबार पर नियंत्रण को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल लगातार गहराता जा रहा है।
हाल ही में बिजुरी क्षेत्र में हुए चर्चित हत्या कांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था। घटना के बाद लोगों में आक्रोश और दहशत दोनों देखने को मिले। अभी इस मामले की चर्चा और जांच शांत भी नहीं हुई थी कि महज दो से तीन दिनों के भीतर क्षेत्र की एक बेटी की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत की खबर सामने आ गई। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर कोयलांचल क्षेत्र किस दिशा में जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा है। शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की खुलेआम उपलब्धता युवाओं को अपराध की ओर धकेल रही है। लोगों का मानना है कि यदि समय रहते इन अवैध गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में अपराध और भी बढ़ सकते हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रशासन द्वारा समय-समय पर कार्रवाई के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उसका प्रभाव दिखाई नहीं देता। यही कारण है कि लगातार हो रही वारदातें प्रशासनिक नाकामी की ओर इशारा करती नजर आ रही हैं। आमजन अब सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि कोयलांचल क्षेत्र में फिर से शांति और विश्वास का माहौल स्थापित हो सके।
लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर तत्काल प्रभाव से कठोर अभियान चलाया जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जाए तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।



