अनूपपुर। थाना भालूमाड़ा क्षेत्र में बढ़ती पशु तस्करी, जुआ-सट्टा, अवैध शराब, मेडिकल नशे एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरोध में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में युवाओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाना भालूमाड़ा के समक्ष “घंटा बजाओ, थाना प्रभारी जगाओ” अभियान के माध्यम से विरोध दर्ज कराया।
इस दौरान मानवेंद्र मिश्रा ने घंटा बजाकर पुलिस प्रशासन का ध्यान क्षेत्र में बढ़ती अवैध गतिविधियों की ओर आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करना और युवाओं को नशे तथा अपराध से बचाना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पशु तस्करी, जुआ-सट्टा, अवैध शराब, मेडिकल नशे एवं चोरी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), कोतमा के नाम ज्ञापन सौंपकर थाना क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान गोपनीय रखने की मांग भी रखी गई।
मानवेंद्र मिश्रा ने कहा कि “यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा, युवाओं के भविष्य और जनहित के लिए उठाई गई आवाज है।”
इस अवसर पर जिला कांग्रेस महासचिव चंदन सिंह, पसान मंडलम कांग्रेस अध्यक्ष संजय सिंह, पंकज पांडे, अमित सिंह, अरविंद मिश्रा, रोहन सिंह, रेशी, ऋषभ, हेमंत, चंद्रबहादुर, सलीम, अनीत, दुर्गेश, मनु तिवारी, लवकुश, ओम मिश्रा, आरिफ, प्रिंस, देवेंद्र, प्रीतम सिंह, विजेंद्र सिंह, मौसिन खान एवं कुलदीप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



