अनूपपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर- कटनी रेल सेक्शन में क्वार नवरात्रि के दौरान 11 से 20 अक्टूबर 2026 तक सभी ट्रेनों का 1 मिनट के लिए अतिरिक्त ठहराव दिया जाए।जिससे क्षेत्र के यात्री माता के दर्शन का लाभ पा सके।
देखा जा रहा है कि काफी समय से रेलवे द्वारा मैहर एवं डोंगरगढ़ में यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेनों के स्टॉपेज दिए जा रहे हैं।एवं अलग से मेमू ट्रेन चलाई जा रही है।लेकिन बिलासपुर-कटनी रेल सेक्शन के अंतर्गत पड़ने वाले चार महत्वपूर्ण स्टेशनों पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ होने के बाद भी ट्रेनों के स्टॉपेज नहीं दिए जा रहे।जिसके लिए शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद हिमाद्री सिंह को चाहिए कि इस दिशा में वह पहल करें एवं अपने संसदीय क्षेत्र के दो स्टेशनों सहित छत्तीसगढ़ के दो स्टेशन पर भी ट्रेन के स्टॉपेज के लिए रेल मंत्री से मुलाकात कर स्टॉपेज घोषित कराने की कृपा करें,जिससे क्षेत्र के श्रद्धालु लोग माता के दर्शन प्राप्त कर सके।
11 से 20 अक्टूबर 2026 तक नवरात्रि का पर्व प्रारंभ होगा जिसके लिए ट्रेनों के स्टॉपेज इस अवधि के लिए स्वीकृत किया जाए।नरोजाबाद के पास प्रसिद्ध माता का मंदिर उचेहरा में मां ज्वाला देवी का मंदिर, बिरसिंहपुर पाली में मां बिरासिनी देवी का मंदिर इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में भनवारटंक में मरही माता देवी मंदिर एवं करगी रोड में रतनपुर स्थित महामाया मंदिर
जहां काफी संख्या में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या देखते ही बनता है।लेकिन रेलवे द्वारा इन चारों प्रसिद्ध मंदिरों के लिए ट्रेनों के कोई भी स्टॉपेज अतिरिक्त रूप से घोषित नहीं किए गए हैं।जबकि चारों माता की मंदिर में प्रतिदिन काफी संख्या में ट्रेन द्वारा रेलवे को राजस्व देते हुए लोग जाते हैं।लेकिन तमाम परेशानियों का सामना उन्हें ट्रेन के इंतजार में करना पड़ता है।यदि सभी ट्रेनों का स्टॉपेज 1 मिनट के लिए घोषित कर दिया जाए तो निश्चित ही श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी एवं रेलवे को अच्छा राजस्व भी मिलेगा।
बिलासपुर-कटनी रेल सेक्शन के क्वार नवरात्रि मेले के दौरान चारों रेलवे स्टेशनों पर श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए विभिन्न यात्री ट्रेनों का अस्थायी स्टॉपेज रेलवे को घोषित करना चाहिए।



