कन्या भोज में बेटियों का पूजन कर दिया सम्मान और संस्कारों का संदेश*

0
11

बेटियों का सम्मान और उन्हें समान अवसर देना समाज की है जिम्मेदारी। लक्ष्मण राव*। *बेटियाँ भारतीय संस्कृति का प्रतीक-अजय प्रसाद*

अनूपपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर बस्ती में विद्यालय परिवार की ओर से कन्या भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया। शिक्षकों के सामूहिक प्रयास से आयोजित कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, परंपरा और नारी सम्मान का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत कन्याओं के चरण पूजन से हुई। बच्चियों के चरणों में लाल आल्ता रंग लगाकर चंदन एवं तिलक से उनका सम्मान किया गया। इसके बाद उन्हें प्रेमपूर्वक भोजन कराया गया। तत्पश्चात भेंट स्वरूप शैक्षणिक सामग्री उन्हें प्रदान किया गया। आयोजन के दौरान बच्चियों का उत्साह देखते ही बना और विद्यालय परिसर में श्रद्धा, उल्लास तथा आत्मीयता का वातावरण रहा।

कार्यक्रम में रेलवे मजदूर कांग्रेस के जोनल कार्यकारी अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि लक्ष्मण राव ने अपने उद्बोधन में कहा कि कन्या पूजन भारतीय संस्कृति और नारी सम्मान की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। बेटियों को देवी स्वरूप मानकर उनका सम्मान करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें शिक्षा, सुरक्षा और जीवन में आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना भी समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने के साथ भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करते हैं। विद्यालय परिवार द्वारा सामूहिक सहभागिता से किया गया यह प्रयास सराहनीय है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजय प्रसाद ने कहा कि कन्या भोज जैसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का माध्यम हैं। बच्चों को बचपन से ही सम्मान, सेवा, सद्भाव और नैतिक मूल्यों की शिक्षा देना आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति से जोड़ने के साथ समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती शैल शर्मा, श्रीमती स्वाति राव, श्रीमती सविता प्रजापति, अतिथि अध्यापक विद्या राठौर, समाजसेवी रमेश प्रजापति सहित विद्यालय समिति के पदाधिकारी एवं अन्य विभागीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार के शिक्षकों के सहयोग से कार्यक्रम संपन्न हुआ।

कन्या भोज के इस आयोजन ने बेटियों के सम्मान, भारतीय संस्कृति के संरक्षण और बच्चों में नैतिक संस्कार विकसित करने का प्रेरक संदेश दिया।

नर्मदा भूमि के वेबसाइट के कुछ तत्त्वों में उपयोगकर्ताओं के द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली सामग्रियों में समाचार/फोटो/ वीडियो इत्यादि विषय वस्तुएं शामिल होंगी। "नर्मदा भूमि" इस तरह की सामग्रियों के लिए ज़िम्मेदार नहीं है। "नर्मदा भूमि" वेबसाइट पर प्रकाशित किसी भी सामग्री के लिए संवाददाता/ ख़बर देने वाला स्वयं जिम्मेदार होगा। "नर्मदा भूमि" वेबसाइट या उसके स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक की कोई ज़िम्मेदारी नहीं होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here