अनूपपुर/ मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव जी के निर्देशानुसार जन अभियान परिषद द्वारा प्रदेश भर में चलाए जा रहे जल संचय अभियान के तहत ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति ग्राम मनमारी द्वारा आयोजित जल संरक्षण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल शामिल हुए। इस अवसर पर जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक उमेश पाण्डेय, सुनील गौतम, जन अभियान परिषद के विकासखण्ड समन्वयक सरीमन साकेत, पुष्पेंद्र जैन, ग्राम पंचायत गोहन्ड्रा के सरपंच, प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, नवांकुर संस्था के सदस्यगण, परामर्शदाता, सी. एम. सी. एल. डी. पी. के विद्यार्थी व ग्रामीणजन उपस्थित थे।
कार्यक्रम में जल संरक्षण के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई तथा ग्रामीणों को वर्षाजल संचयन, जल स्त्रोतों के संरक्षण और जल के सदुपयोग के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर सामूहिक श्रमदान कर बोरी बन्धान किया गया। जिसमें कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री सहित उपस्थित सभी लोगों ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री ने जन अभियान परिषद के प्रयासों की सराहना की व सभी से पानी बचाने की अपील की व जल संचय करने हेतु बोरी बन्धान जैसे प्रयास करने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि बोरी बन्धान के माध्यम से रुका हुआ जल न सिर्फ मवेशियों व सिंचाई के काम आएगा, बल्कि इससे ग्राम का जलस्तर भी बढेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से समाज मे जागरूकता आती है।



