भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में 12–13 चंदन के पेड़ काट ले गए अज्ञात चोर
दिनेश मिश्रा ! अनूपपुर/ अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पसान गांव में चंदन के पेड़ों की चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने गांव के 4–5 घरों एवं एक मंदिर परिसर में लगे चंदन के कुल 12–13 पेड़ों को काटकर चोरी कर ले गए। वहीं कई पेड़ों को आधी-अधूरी कटी अवस्था में छोड़कर चोर फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार नीरज मिश्रा, राहुल मिश्रा सहित अन्य ग्रामीणों के घरों में लगे चंदन के पेड़ों को काटकर चोरी की वारदात को अज्ञात चोरों के द्वारा अंजाम दिया गया है। इसके अलावा मंदिर परिसर में लगे चंदन के पेड़ भी चोरों के निशाने पर रहे। सुबह जब ग्रामीणों ने पेड़ों को कटा हुआ पाया तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। चोरी की यह वारदात सुनियोजित प्रतीत हो रही है, क्योंकि चोरों ने कीमती चंदन की पहचान कर चुनिंदा पेड़ों को काटा है। ग्रामीणों का कहना है कि चंदन की कीमत बाजार में लाखों रुपये तक होती है, ऐसे में यह संगठित गिरोह की करतूत हो सकती है। घटना की सूचना भालूमाड़ा थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस द्वारा मौके का मुआयना कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चंदन तस्करी में शामिल गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इनका कहना है
सूचना मिली है, मौका मुआयना कर पता तलाश की जा रही है।
विपुल शुक्ला, थाना प्रभारी भालूमाड़ा



