अनूपपुर। क्रिप्टो करेंसी ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा जैतहरी के व्यापारी से करीब 91 लाख 32 हजार रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित फरियादी राकेश कुमार अग्रवाल पिता गुलाबचन्द अग्रवाल उम्र 52 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 7 रेलवे स्टेशन के पास जैतहरी ने थाना जैतहरी में उपस्थित होकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिस पर पुलिस ने आरोपी पीटर पाल के खिलाफ सायबर अपराध के तहत वित्तीय धोखाधड़ी करने के मामले में बीएनएस की धारा 318 (4) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फरियादी के अनुसार रेलवे स्टेशन जैतहरी के पास उसकी गल्ले की दुकान है तथा क्रिश ट्रेडर्स जैतहरी नाम से उनकी फर्म संचालित है, जिसका खाता भारतीय स्टेट बैंक जैतहरी में है। 19 जनवरी को उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से मोबाइल नंबर 9993380442 से संपर्क किया गया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम पीटर पाल बताते हुए स्वयं को क्रिप्टो करेंसी मार्केट में सीनियर अकाउंट मैनेजर बताया और बेहतर रिटर्न दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोपी द्वारा भेजे गए कम्पाउडेस डॉट टॉप लिंक के माध्यम से ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाकर पहले छोटे निवेश पर लाभ दिखाया गया, जिससे फरियादी को विश्वास में ले लिया गया। इसके बाद अलग-अलग तिथियों में आरोपी के बताए अनुसार विभिन्न बैंकों के खातों व यूपीआई आईडी पर लगातार रकम जमा कराई गई।
फरियादी के अनुसार 22 जनवरी से 1 फरवरी के बीच यस बैंक, बंधन बैंक, एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, इंडसइंड बैंक, सिटी यूनियन बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया तथा यूपीआई के माध्यम से कुल 91 लाख 32 हजार 187 रुपये जमा कराए गए। आरोपी द्वारा हर बार बड़े मुनाफे और कमीशन का हवाला दिया गया, लेकिन राशि जमा कराने के बाद भी फरियादी को कोई पैसा वापस नहीं मिला। संदेह होने पर फरियादी ने बैंक से स्टेटमेंट निकलवाया, तब पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। आरोपी ने पूरा नाम और पता बताने से इनकार कर दिया तथा पैसे लौटाने में टाल-मटोल करने लगा। पीड़ित ने बैंक स्टेटमेंट सहित थाना जैतहरी में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी की कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।



