*अनूपपुर* चौकी फुनगा पुलिस ने डेढ़ वर्ष से फरार चल रहे धोखाधड़ी के आरोपी को रीवा से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।आरोपी पर लोगों से पैसा दोगुना करने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप है।
मामले में फरियादी हेमलाल चौधरी (71 वर्ष),निवासी पयारी नंबर-1 ने 07 जुलाई 2025 को चौकी फुनगा में शिकायत दर्ज कराई थी।शिकायत के अनुसार रिलायबल को-ऑपरेटिव सोसाइटी के संचालक अरविंद त्रिपाठी,श्याम शुक्ला एवं दीपक त्रिपाठी ने निश्चित अवधि में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लोगों से निवेश कराया, लेकिन समय पूरा होने पर न तो पैसा लौटाया गया और न ही कोई जवाब दिया गया।इसके बाद आरोपी कंपनी बंद कर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर चौकी फुनगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 302/25 धारा 420, 409 एवं 120-बी भारतीय दंड संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी। विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी श्याम शुक्ला (44 वर्ष), निवासी रीवा, की लोकेशन रीवा में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए रीवा पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी को आज 05 फरवरी 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है।



