अनूपपुर ।मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय के निर्देशों के परिपालन में इस वर्ष अनूपपुर जिले में होली का पर्व पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक संदेश के साथ मनाया जाएगा। जिसमें नोडल जनपद पंचायत जैतहरी, नगर पालिका अनूपपुर, आजीविका मिशन अनूपपुर एवं इस अभियान में शिव मारुति युवा संगठन सक्रिय भूमिका निभाते हुए जनजागरूकता और गौकाष्ठ उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करेगा।मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत अनूपपुर द्वारा जनपद पंचायत जैतहरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
*लकड़ी के स्थान पर गौकाष्ठ का उपयोग*
शासन के निर्देशानुसार इस वर्ष होलिका दहन में पारंपरिक लकड़ी के स्थान पर गौकाष्ठ (गोबर से निर्मित लकड़ी) एवं उपलों के उपयोग को प्राथमिकता दी जाएगी।इस पहल का उद्देश्य वनों की कटाई पर रोक लगाना,पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना,गोवंश आधारित उत्पादों के उपयोग को प्रोत्साहित करना ,शिव मारुति युवा संगठन द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों, स्वयंसेवकों एवं सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से गौकाष्ठ के उपयोग के लिए व्यापक जनसंपर्क किया जा रहा है।
*प्राकृतिक रंगों से होली खेलने की अपील*
जिला प्रशासन एवं संगठन ने नागरिकों से अपील की है कि जल संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्राकृतिक एवं हर्बल रंगों का उपयोग करें।पशु-पक्षियों पर रंग न डालें।नशा व हुड़दंग से दूर रहकर भाईचारे और सद्भाव के साथ पर्व मनाएं।
*समन्वय से होगा क्रियान्वयन*
नोडल अधिकारी जैतहरी को निर्देशित किया गया है कि वे मुख्य नगरपालिका अधिकारी के समन्वय से जिला स्तर पर शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।गौकाष्ठ आधारित होलिका दहन के माध्यम से इस वर्ष अनूपपुर में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रकृति-अनुकूल स्वरूप में आगे बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।



