इस वर्ष अब तक 250 से अधिक निराश्रित गौवंशों को पहनाई गई रेडियम बेल्ट, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम का सार्थक प्रयास
अनूपपुर। बेजुबान पशुओं एवं मानव जीवन की सुरक्षा को समर्पित शिव मारुति युवा संगठन का रेडियम बेल्ट अभियान पिछले तीन वर्षों से लगातार जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। संगठन द्वारा 23 जुलाई 2026 से इस वर्ष के अभियान की शुरुआत की गई, जिसके तहत अब तक 250 से अधिक निराश्रित गौवंशों के गले में रेडियम बेल्ट बांधी जा चुकी हैं।
संगठन के सदस्य प्रतिदिन शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर निराश्रित गौवंशों को रेडियम बेल्ट पहनाने का कार्य कर रहे हैं। रात्रि के समय इन बेल्टों की चमक से वाहन चालकों को सड़क पर मौजूद पशु दूर से ही दिखाई देते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका काफी हद तक कम हो जाती है। यह पहल न केवल बेजुबान पशुओं के जीवन की रक्षा कर रही है, बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह अभियान पूरी तरह निस्वार्थ सेवा भावना से संचालित किया जा रहा है। पिछले तीन वर्षों से निरंतर चल रहे इस अभियान के माध्यम से हर वर्ष बड़ी संख्या में निराश्रित गौवंशों को रेडियम बेल्ट पहनाई जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रयास किया जा रहा है।
शिव मारुति युवा संगठन ने समाजसेवियों, युवाओं एवं आम नागरिकों से इस जनहित अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति इस पुनीत कार्य में सहयोग करना चाहता है, वह संगठन के साथ जुड़कर रेडियम बेल्ट लगाने के अभियान में सहभागी बन सकता है।
संगठन ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी उसके सदस्य निस्वार्थ भाव से मानव जीवन एवं बेजुबान पशुओं की सुरक्षा के लिए समर्पित होकर कार्य करते रहेंगे। “एक रिफ्लेक्टिव बेल्ट, एक जीवन की सुरक्षा” के संकल्प के साथ संगठन ने सभी नागरिकों से सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और गौवंशों की सुरक्षा के इस अभियान में सहभागिता निभाने का आग्रह किया है।



