*अनूपपुर* पयारी खरीदी केन्द्र में अनियमितताओं, मनमानी कार्यप्रणाली और किसानों से कथित रुपयों की मांग के आरोपों ने मंगलवार को विवाद का रूप ले लिया। किसान रामबहोरी चौधरी सहित कई किसान जब दोबारा जांच-तौल की जबरन मांग से त्रस्त हुए, तो उन्होंने विरोध में मुख्य मार्ग एन एच 43 पर चक्का जाम कर दिया। इससे मार्ग पर आवागमन कुछ कई मिनटों के लिए बाधित हो गया।

किसानों का कहना है कि खरीदी समिति की ओर से सरवेयर और स्टाफ ने धान की नियमित जांच-तौल कर वेयरहाउस भेजने का निर्देश दिया था, लेकिन मां शारदा BOT वेयरहाउस संचालक केशव चौहान ने बिना कारण दोबारा जांच-तौल कराने की जिद की। किसानों ने आरोप लगाया कि यह बाध्यता धान रखने के एवज में रुपए मांगने के लिए बनाई जा रही थी। विवाद बढ़ने पर समिति प्रबंधक नफीस खान ने खरीदी रोकने की बात कह दी, जिससे किसान और नाराज हो गए।
स्थिति बिगड़ती देख किसानों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा कर जाम हटवाया। बाद में खाद्य आपूर्ति अधिकारी एवं विभाग के अधिकारी भी पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देते हुए मामला शांत कराया।
किसानों द्वारा लगाए गए आरोपों ने खरीदी केन्द्र की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



