अनूपपुर* थाना बिजुरी अंतर्गत वन परिक्षेत्र कार्यालय रामनगर में अवैध रेत उत्खनन से जुड़े मामले में गंभीर आरोप सामने आए हैं।परिक्षेत्र सहायक/बैरेयर प्रभारी रामनगर सतीश कुमार वैगा द्वारा थाना प्रभारी बिजुरी को दिए गए लिखित आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 15 और 16 जनवरी 2026 को रवि सिंह बघेल निवासी कोठी के नेतृत्व में असामाजिक तत्वों ने शासकीय कार्यों में बाधा डाली, कार्यालय का मुख्य गेट जाम किया कर्मचारियों के साथ मारपीट व गाली गलौज की तथा वर्दी फाड़ने का प्रयास किया।

परिक्षेत्र सहायक सतीश बैगा के अनुसार 13 जनवरी 2026 को बीट गार्ड जर्राटोला द्वारा गोहडारी नदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन व परिवहन करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर अपराध क्रमांक 4669/21 दर्ज किया गया था। इसी कार्रवाई से नाराज होकर 15 जनवरी को वन परिक्षेत्र कार्यालय परिसर में भीड़ जुटाकर देर रात तक नारेबाजी की गई और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर शांति व्यवस्था भंग की गई।16 जनवरी की सुबह जब आवेदक ड्यूटी पर जा रहे थे, तब मुख्य गेट पर भीड़ ने उन्हें रोका, वर्दी खींचकर फाड़ने का प्रयास किया और मोटर साइकिल रोक दी।आरोप है कि बाद में आवेदक की पत्नी व पुत्र को भी रोका गया और छेड़छाड़ का प्रयास हुआ,जिससे परिवार भय व मानसिक तनाव में है और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
आवेदन में यह भी उल्लेख है कि आरोपियों के साथ अन्य रेत माफिया भी शामिल थे,जिन पर पूर्व में वन अपराध दर्ज हैं। कार्यालय का गेट जाम कर स्टाफ को बंधक बनाए जाने, बाहर आने जाने से रोकने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका जताई गई है।आवेदक ने रवि सिंह बघेल व उसके सहयोगियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई,सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा वीडियो साक्ष्य के आधार पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।



