*कोतमा* नगर से दूर निगवानी,गलैया टोला,चाका एवं अन्य कई गांवों में अवैध शराब का कारोबार खुलेआम जोरो पर है।ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में होटल,पान दुकानों और घरों से धड़ल्ले से अवैध शराब की बिक्री की जा रही है,लेकिन प्रशासन आंख मूंदे बैठा है,जिसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों का सामाजिक माहौल तेजी से बिगड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ से जुड़े शराब माफियाओं का एक नेटवर्क सक्रिय है,जो गांवों में शराब पहुंचाकर अवैध कारोबार को बढ़ावा दे रहा है।कई बार उच्च अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया गया,परंतु ठोस कार्रवाई के अभाव में शराब माफियाओं के हौसले और बुलंद हो गए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार चाका गांव में एक पान दुकान एवं होटल संचालक खुलेआम अवैध शराब की बिक्री कर रहा है,वहीं निगवानी क्षेत्र में एक होटल से शराब बेचकर ग्रामीण युवकों, युवतियों एवं छात्र छात्राओं को नशे की लत की ओर धकेला जा रहा है।इसके अलावा पप्पू पर अपने घर से ही शराब बेचने का आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि शीघ्र ही अवैध शराब विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर शराब बिक्री पर पूर्ण रूप से रोक नहीं लगाई गई,तो वे मजबूर होकर खुलेआम आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों की मांग है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो,शराब माफियाओं की कमर तोड़ी जाए और ग्रामीण अंचल को नशे के जाल से मुक्त कराया जाय।



