अनूपपुर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के अंतर्गत विकासखंड जैतहरी के सेक्टर क्रमांक 05 में दिनांक 14 मार्च 2026 को ग्राम पंचायत बरबसपुर में प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन नवांकुर संस्था शिव मारुति युवा संगठन समिति के द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश सिंह उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवांकुर संस्था के अध्यक्ष श्री बृजेश राठौर ने की। प्रशिक्षण सत्र में प्रशिक्षक के रूप में रमेश द्विवेदी एवं परामर्शदाता अनिल सिंह परिहार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ की गई।प्रथम सत्र में नवांकुर सचिव श्री बृजेश राठौर ने जन अभियान परिषद के उद्देश्यों एवं कार्यों का विस्तृत परिचय देते हुए प्रस्फुटन, नवांकुर एवं सृजन योजना के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इसके पश्चात जैतहरी ब्लॉक समन्वयक श्री फते सिंह ने प्रस्फुटन समिति के गठन, कार्यप्रणाली एवं रिकॉर्ड संधारण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी तथा विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में समितियों की सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।परामर्शदाता श्री अनिल सिंह परिहार ने सीएमसीएलडीपी पाठ्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह पाठ्यक्रम शिक्षा के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक नेतृत्व विकसित करने के लिए युवाओं को एक बेहतर मंच प्रदान करता है।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती प्रीति रमेश सिंह ने उपस्थित सदस्यों को मार्गदर्शन देते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी ऊर्जा और निस्वार्थ भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण के समापन सत्र में प्रतिभागियों ने अपने प्रश्नों और जिज्ञासाओं का समाधान प्रशिक्षकों से प्राप्त किया। इसके बाद प्रेरणा गीत के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश सिंह, जिला समन्वयक श्री उमेश कुमार पांडेय एवं सरपंच श्री बेसाहुलाल रैतेल द्वारा प्रस्फुटन समितियों एवं नवांकुर सखियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त परामर्शदाता श्री अनिल सिंह परिहार द्वारा किया गया।इस प्रशिक्षण में सेक्टर क्रमांक 05 की ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों मझगंवा, रक्सा, पसला, फुनगा एवं पाली के अध्यक्ष/सचिव,सदस्यों तथा नवांकुर सखियों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच एवं सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।



