अनूपपुर।जिला अनूपपुर के ग्राम ताराडांड़ में 21 मार्च से 27 मार्च 2026 तक पांच दिवसीय संगीतमय श्री राम कथा का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया जा रहा है। यह पावन आयोजन राजकिशोर तिवारी के निज निवास पर परम पिता परमेश्वर की कृपा एवं सद्गुरु भगवान कामतानाथ पीठाधीश्वर चित्रकूट धाम, कथा व्यास परम पूज्य जगदगुरु रामानन्दाचार्य स्वामी रामस्वरूप दास जी महाराज के सान्निध्य में संपन्न होगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ 21 मार्च, शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा, जिसमें श्रद्धालु भक्तजन उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। 22 मार्च, रविवार को श्री राम कथा महात्म्य का वाचन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को कथा के महत्व का बोध होगा। 23 मार्च, सोमवार को भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव एवं श्री राम-जानकी विवाह प्रसंग का हर्षोल्लासपूर्ण आयोजन होगा।
24 मार्च, मंगलवार को राम वन गमन एवं भारत मिलाप जैसे भावपूर्ण प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा, जो त्याग, प्रेम और कर्तव्य की प्रेरणा देंगे। 25 मार्च, बुधवार को श्री राम राज्याभिषेक का दिव्य उत्सव मनाया जाएगा, जो आदर्श शासन और धर्म की स्थापना का प्रतीक है। 26 मार्च, गुरुवार को कथा विश्राम, हवन एवं पूर्णाहुति के साथ आयोजन का धार्मिक समापन होगा। वहीं 27 मार्च, शुक्रवार को चिरंजीवी अच्युत का उपनयन संस्कार एवं भंडारा प्रसाद का आयोजन कर कार्यक्रम को पूर्णता प्रदान की जाएगी।
इस संबंध में भगवा पार्टी अनूपपुर के जिला अध्यक्ष पंडित कन्हैयालाल मिश्रा ने समस्त श्रद्धालुजनों से भावपूर्ण अपील करते हुए कहा कि यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को सत्य, मर्यादा और संस्कारों की ओर प्रेरित करने का माध्यम है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे अपने परिवार एवं मित्रों सहित उपस्थित होकर श्री राम कथा रूपी अमृत का रसपान करें और अपने जीवन को धर्ममय बनाएं।
उन्होंने अत्यंत मार्मिक शब्दों में कहा—
“आयोजन कराने वाले भी राम हैं और बुलाने वाले भी राम हैं, हम सब तो केवल निमित्त मात्र हैं।”
यह आयोजन न केवल आध्यात्मिक उन्नति का अवसर है, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और नैतिक मूल्यों के प्रसार का भी सशक्त माध्यम बनेगा।
भव्य संगीतमय श्री राम कथा: धर्म,भक्ति और संस्कारों का अनुपम संगम 21 मार्च से
नर्मदा भूमि के वेबसाइट के कुछ तत्त्वों में उपयोगकर्ताओं के द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली सामग्रियों में समाचार/फोटो/ वीडियो इत्यादि विषय वस्तुएं शामिल होंगी। "नर्मदा भूमि" इस तरह की सामग्रियों के लिए ज़िम्मेदार नहीं है। "नर्मदा भूमि" वेबसाइट पर प्रकाशित किसी भी सामग्री के लिए संवाददाता/ ख़बर देने वाला स्वयं जिम्मेदार होगा। "नर्मदा भूमि" वेबसाइट या उसके स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक की कोई ज़िम्मेदारी नहीं होगी।



