अनूपपुर/जैतहरी। अमर शहीद दिवस के अवसर पर सरस्वती शिशु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जैतहरी में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विभिन्न वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपक उरमलिया रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक समन्वयक खेल एवं युवा कल्याण विभाग एवं स्टेट रेफरी वॉलीबॉल दिनेश कुमार सिंह चंदेल, वरिष्ठ व्याख्याता प्रेम प्रकाश मिश्रा एवं रामगोपाल राठौर उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने देश के अमर शहीदों के जीवन एवं बलिदान पर अपने विचार व्यक्त किए। मुख्य अतिथि डॉ. दीपक उरमलिया ने अपने संबोधन में कहा कि देश की स्वतंत्रता में शहीदों का अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने फांसी के फंदे को हंसते-हंसते स्वीकार किया, लेकिन देश की आजादी के लिए पीछे नहीं हटे।
विशिष्ट अतिथि प्रेम प्रकाश मिश्रा ने कहा कि हमारे वीर जवानों के बलिदान के कारण ही अंग्रेजों को देश छोड़ना पड़ा। वहीं रामगोपाल राठौर ने अपने उद्बोधन में कहा कि यदि शहीदों ने बलिदान नहीं दिया होता तो आज भी देश गुलामी की जंजीरों में जकड़ा होता। उन्होंने भगत सिंह, राजगुरु जैसे महान क्रांतिकारियों के योगदान को याद किया।कार्यक्रम के पश्चात विद्यालय परिसर से रैली निकाली गई, जिसमें “इंकलाब जिंदाबाद” और “शहीद अमर रहें” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। मंच संचालन एवं नारेबाजी का कार्य दिनेश कुमार सिंह चंदेल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन मेरा युवा भारत के जिला कार्यक्रम समन्वयक दिनेश विश्वकर्मा ने किया। इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों आशीष पांडे, राज शुक्ला, सत्येंद्र राठौर, हिमांशु गुप्ता, अभिषेक पाठक, लक्ष्मण प्रसाद राठौर, ममता राठौर, राधा पाल, सोनू राठौर, नेहा राठौर, शतरूपा शुक्ला, रश्मि राठौर, प्रभा राठौर, रमेश जोगी, पार्वती सहित अन्य का सराहनीय योगदान रहा।



