रामघाट में वृद्ध का शव मिलने से मचा हड़कंप,पुलिस जांच में जुटी

0
148

अमरकंटक। मध्य प्रदेश के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक तीर्थ स्थल पवित्र नगरी अमरकंटक में मंगलवार 31 मार्च 26 को उस समय सनसनी फैल गई, जब मां नर्मदा नदी के रामघाट के दक्षिणी तट पर एक 66 वर्षीय वृद्ध का शव संदिग्ध अवस्था में मिला।प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर लगभग 3:30 बजे नगर परिषद अमरकंटक के सफाई कर्मी प्रतिदिन की भांति रामघाट में सफाई कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सीढ़ियों के पास पानी में कुछ संदिग्ध दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर एक वृद्ध व्यक्ति औंधे मुंह सीढ़ियों में पड़ा मिला, जिसका आधा शरीर पानी में और आधा बाहर था। तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना अमरकंटक पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों व परिजनों के सहयोग से शव को बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान पुन्नू लाल यादव (66 वर्ष), पिता भूरूंग यादव, निवासी वार्ड क्रमांक 9 नर्मदा मंदिर रोड, अमरकंटक के रूप में हुई है। वह मूलतः करंजिया, जिला डिंडोरी के निवासी थे और अमरकंटक में अपनी बेटी के साथ रहकर नारियल प्रसाद की दुकान चलाते थे।बताया जा रहा है कि घटना के समय मृतक की बेटी किसी कार्य से डिंडोरी जिले में आयोजित कनकधारा कार्यक्रम में शामिल होने गई हुई थी। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है, जिनके आने की प्रतीक्षा की जा रही है

प्राथमिक जानकारी में मृतक के सिर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं, फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में ले लिया है।उप निरीक्षक पी.एस. बघेल के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक ईश्वर यादव एवं प्रधान आरक्षक प्रवीण कुजूर द्वारा मामले की जांच की जा रही है। वहीं घटनास्थल पर आरक्षक कृष्णा सिंह राजावत, नगर सैनिक गोकुल टांडिया तथा बी.एस. श्याम पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।

इस घटना से क्षेत्र में एक बार फिर दहशत और चर्चा का माहौल बन गया है, क्योंकि रामघाट में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

नर्मदा भूमि के वेबसाइट के कुछ तत्त्वों में उपयोगकर्ताओं के द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली सामग्रियों में समाचार/फोटो/ वीडियो इत्यादि विषय वस्तुएं शामिल होंगी। "नर्मदा भूमि" इस तरह की सामग्रियों के लिए ज़िम्मेदार नहीं है। "नर्मदा भूमि" वेबसाइट पर प्रकाशित किसी भी सामग्री के लिए संवाददाता/ ख़बर देने वाला स्वयं जिम्मेदार होगा। "नर्मदा भूमि" वेबसाइट या उसके स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक की कोई ज़िम्मेदारी नहीं होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here