अनूपपुर। एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र की रामपुर-बटुरा ओपनकास्ट परियोजना की क्षमता 2 एमटीपीए से बढ़ाकर 6 एमटीपीए किए जाने के प्रस्ताव को लेकर 19 जून 2026 को ग्राम पंचायत खाड़ा परिसर में ग्राम खाड़ा और कौदैली पर्यावरण जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में ग्राम पंचायत खाड़ा एवं आसपास के ग्रामीणों ने एकजुट होकर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
जनसुनवाई से पूर्व ग्रामीणों ने पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सिंह के नेतृत्व में बैठक कर निर्णय लिया था कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर कालरी प्रबंधन स्पष्ट आश्वासन नहीं देता, तब तक वे जनसुनवाई में शामिल नहीं होंगे। ग्रामीणों ने प्रारंभिक चरण में जनसुनवाई का बहिष्कार करते हुए अपनी मांगों को पूरा कराने की रणनीति अपनाई।
ग्रामीणों की ओर से सबसे प्रमुख मांग खाड़ा मे कठना नल-जल उद्वहन योजना के शीघ्र क्रियान्वयन की माँग रखी गई। ग्रामीणों ने बताया कि यह योजना लंबे समय से लंबित है, जिससे क्षेत्र में कृषि और पेयजल की समस्या बनी हुई है। इसके अलावा स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिलने का मुद्दा भी जोरदार ढंग से उठाया गया। विशेष रूप से जय अम्बे कंपनी द्वारा बाहरी लोगों को रोजगार देने और स्थानीय बेरोजगारों की उपेक्षा करने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई।ग्रामीणों की आपत्तियों पर कंपनी एवं प्रबंधन के प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि वर्तमान में कार्यरत बाहरी श्रमिकों की समीक्षा कर स्थानीय योग्य युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। प्रबंधन द्वारा ग्रामीणों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र निराकरण का भरोसा दिए जाने के बाद पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सिंह के नेतृत्व में ग्रामीण जनसुनवाई में शामिल हुए।
जनसुनवाई के दौरान पूरे गांव की ओर से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं पूर्व जिला कांग्रेस के अध्यक्ष रमेश सिंह ने एक प्रतिनिधि के रूप में अपनी बात रखी। उन्होंने ग्रामवासियों की ओर से सात सूत्रीय मांगपत्र प्रस्तुत करते हुए कहा कि परियोजना विस्तार तभी सार्थक होगा जब स्थानीय जनता के हित, रोजगार, पुनर्वास एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उनकी बातों का उपस्थित ग्रामीणों ने तालियां बजाकर समर्थन किया।मांगपत्र में प्रमुख रूप से खाड़ा नल-जल योजना का शीघ्र क्रियान्वयन, मुआवजा एवं पुनर्वास प्रकरणों के निराकरण हेतु शिविर आयोजन, मानसून पूर्व वृक्षारोपण, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता, खदानों में उपयोग होने वाले भारी वाहनों एवं मशीनों के संचालन का प्रशिक्षण, लंबित सड़क एवं विद्युतीकरण कार्यों को पूरा करना तथा ब्लास्टिंग से क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कर मरम्मत एवं मुआवजा प्रदान करने की मांग शामिल रही।
जनसुनवाई में उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत सभी मांगों एवं सुझावों को दर्ज करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, प्रशासन, एसईसीएल प्रबंधन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
*मुख्य बिंदु*1. रामपुर-बटुरा परियोजना की क्षमता 2 एमटीपीए से बढ़ाकर 6 एमटीपीए करने हेतु जनसुनवाई आयोजित।2. पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रारंभ में किया बहिष्कार।3. खाड़ा नल-जल उद्वहन योजना को शीघ्र पूर्ण करने की प्रमुख मांग।4 . जय अंबे कंपनी द्वारा स्थानीय लोगों को रोजगार न देने का मुद्दा उठा।कंपनी ने स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता से रोजगार देने का दिया आश्वासन। 5. आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण जनसुनवाई में हुए शामिल।. 6. पूरे गांव की ओर से रमेश सिंह ने एक प्रतिनिधि के रूप में मांगपत्र प्रस्तुत किया।ग्रामीणों ने तालियां बजाकर मांगों का किया समर्थन।



