अनुभव यात्रा से प्राप्त प्रेरणा को जीवन में उतारकर जिले का नाम रोशन करें : विक्रांत मुराब।*
अनूपपुर। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर अनूपपुर हर्षल पंचोली एवं पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब के मार्गदर्शन में संचालित मां तुझे प्रणाम योजना के अंतर्गत अनुभव यात्रा से लौटे प्रतिभागियों का पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मान किया गया।
यात्रा से लौटने पर रेलवे स्टेशन से महिला प्रतिभागियों एवं दल प्रभारी को पुलिस वाहन द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय लाया गया, जहां पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने सभी प्रतिभागियों एवं दल मैनेजर को बधाई देते हुए कहा कि आप सभी ने जिले का प्रतिनिधित्व कर अनूपपुर का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने प्रतिभागियों से यात्रा के अनुभव साझा करने का आग्रह करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं प्रभारी जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जगनाथ मरकाम ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि मां तुझे प्रणाम योजना युवाओं को देश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं भौगोलिक विरासत से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह अनुभव यात्रा निश्चित रूप से प्रतिभागियों के व्यक्तित्व विकास में सहायक सिद्ध होगी।
प्रतिभागी कुमारी शिवानी राठौर ने यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि दल सबसे पहले भोपाल पहुंचा, जहां से सांची स्तूप का भ्रमण कराया गया। इसके पश्चात रायसेन जिले के भोजपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध भोजेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन कराए गए तथा भीमबेटका की ऐतिहासिक गुफाओं का अवलोकन कराया गया। इसके बाद नर्मदापुरम में सेठानी घाट पहुंचकर मां नर्मदा के दर्शन किए गए। यात्रा के अगले चरण में प्रतिभागियों ने पचमढ़ी का भ्रमण किया, जहां जटाशंकर मंदिर, गुप्त महादेव मंदिर, हांडी खोह, इंदिरा प्वाइंट तथा दूर से चौरागढ़ मंदिर के दर्शन किए। साथ ही चंपक झील का भी आनंद लिया।
प्रतिभागियों के अनुभव सुनने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम ने कहा कि पचमढ़ी प्रदेश का एक अत्यंत रमणीय एवं प्रेरणादायक पर्यटन स्थल है, जहां की प्राकृतिक सुंदरता युवाओं को नई ऊर्जा प्रदान करती है।
कार्यक्रम में दल मैनेजर दिनेश कुमार सिंह चंदेल, ब्लॉक समन्वयक जैतहरी सहित प्रतिभागी सुश्री शिवानी राठौर, सुश्री सीमा सिंह श्याम, सुश्री रितु देवी, सुश्री रितिका देवी, सुश्री सरस्वती सिंह राठौर, सुश्री अंबे गुप्ता, सुश्री हनी गुप्ता, सिफत आदिल, कुमारी अंकिता पटेल एवं सुश्री संजना सिंह तोमर उपस्थित रहीं।
अंत में जिला खेल प्रशिक्षक अनूपपुर रामचंद्र यादव एवं ग्रामीण युवा समन्वयक खेल एवं युवा कल्याण विभाग जैतहरी दिनेश कुमार सिंह चंदेल ने पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम को पचमढ़ी स्थित जटाशंकर महादेव मंदिर का स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।



