अनूपपुर। लंबे समय से पेंड्रारोड़ के रेल कर्मचारियों की उपेक्षित स्वास्थ्य सुविधा को लेकर उठाई गई आवाज़ आखिरकार रंग लाई। साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस बिलासपुर शाखा के लगातार संघर्ष और ज्ञापन के बाद अब रेल प्रशासन ने पेंड्रारोड़ में तीन दिन मोबाइल मेडिकल वेन सहित डॉक्टर उपलब्ध कराने का आदेश जारी किया है।पेंड्रा रोड़ में पहले से खुली लॉकअप डिस्पेंसरी केवल नाम मात्र की थी, जहां डॉक्टर व आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव था। मजदूर कांग्रेस शाखा सचिव एन. हेमंत कुमार ने बताया कि जब भी कर्मचारी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझते थे, तब उन्हें बिलासपुर या मनेंद्रगढ़ तक जाना पड़ता था। इस गंभीर समस्या को लेकर मजदूर कांग्रेस ने बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के पेंड्रारोड़ निरीक्षण के दौरान ज्ञापन सौंपा था।
मजदूर कांग्रेस बिलासपुर के मंडल समन्वयक विजय अग्निहोत्री और सीआईसी प्रभारी कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मण राव के मार्गदर्शन में यह संघर्ष आगे बढ़ा। इसी दबाव का परिणाम रहा कि 03 अक्टूबर को सहायक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक रेलवे बिलासपुर डॉ. सुमित प्रकाश ने सूचना दी कि महाप्रबंधक तरुण प्रकाश और मंडल रेल प्रबंधक राजमल खोईवाल के निर्देश पर प्रधान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने आदेश जारी कर दिए हैं।
*यह रहेगी नई व्यवस्था*
हर शनिवार और सोमवार को बिलासपुर से लाइन डॉक्टर आएंगे।एवं हर बुधवार को मनेंद्रगढ़ से लाइन डॉक्टर सेवाएं देंगे।तीन दिन मोबाइल मेडिकल वेन के साथ डॉक्टर रेल कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे।रेल कर्मचारियों ने मजदूर कांग्रेस के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुविधा उनके लिए जीवनदायी साबित होगी। मजदूर कांग्रेस ने भी साफ किया है कि कर्मचारियों की बुनियादी सुविधाओं को लेकर संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।



