_डॉक्टर एवं नर्स की लापरवाही से नवजात बच्चे की मौत का आरोप_
अनूपपुर/कोतमा* जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा में लापरवाही का मामला एक बार फिर उजागर हुआ है,हर बार की हर पुनः जिले के स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खुली है।संबंधित मामले में राकेश प्रजापति पिता राजू प्रजापति निवासी वार्ड क्र.04,कोतमा द्वारा विकासखंड स्वास्थ अधिकारी को शिकायत देते हुए बताया कि पीड़ित अपनी पत्नी ज्योति प्रजापति को प्रसव पीड़ा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोतमा दिनांक 28.10.2025 को रात्रि लगभग 11.59 बजे लेकर गया था।जहाँ नर्स के द्वारा डिलिवरी में समय है,कल दोपहर में तीन बजे आना बोलकर भर्ती नहीं किए जाने से लेकर घर जाने के पश्चात रात्रि लगभग 3.00 बजे प्रसव पीड़ा अधिक होने पर पुनः हास्पिटल कोतमा लेकर गया,लेकिन रात्रि 3.00 बजे भी नर्स आरती सोनी ने प्रसव पीड़ा से पीड़ित ज्योति को नहीं देखा,बल्कि एक अन्य स्टाफ (महिला) को भेजा,जिसके द्वारा ज्योति के प्रसव संबंधित जांच कर कह दिया कि अभी भी समय नहीं हुआ है,आप लोग घर ले जाओ, लेकिन दर्द से कराह रही ज्योति प्रजापति को उनकी सास शकुन प्रजापति,जेठानी काजल प्रजापति एवं पति राकेश प्रजापति ने घर ले जाने से मना कर दिया और प्रसव वार्ड में अपनी पत्नी को लेटा दिया।ज्योति प्रजापति रात भर दर्द से कराहती रही लेकिन नर्स ने परवाह नहीं की सुबह दर्द असहनीय होने पर एक बार फिर से नर्स से निवेदन किया गया कि आप देख लीजिये।जिसके बाद प्रसूता को सुबह लगभग 6.00 बजे प्रसव रूम ले जाया गया लेकिन नर्स के द्वारा लगातार लापरवाही बरती गई और सुबह लगभग 8:22 बजे पर प्रार्थी की पत्नी ज्योति की डिलिवरी हुई और बच्चा मृत हो गया।

इस प्रकार डॉक्टर एवं नर्स की लापरवाही के सम्बन्ध में पीड़ित ने अधिकारियों से शिकायत करते हुए निवेदन किया है कि लापरवाह डॉक्टर एवं नर्स के द्वारा की गई लापरवाही के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाए।



