*अनूपपुर* प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज अनूपपुर जिले में लाडली बहनों के लिए आयोजित ‘‘रक्षाबंधन और श्रावण उत्सव’’ कार्यक्रम में शिरकत करने हैलीपैड पहुुंचने पर मध्यप्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री तथा अनूपपुर जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार, कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)दिलीप जायसवाल, विधायक अनूपपुर बिसाहूलाल सिंह,कमिश्नर शहडोल संभाग बी.एस. जामोद, पुलिस महानिरीक्षक शहडोल जोन अनुराग शर्मा, डीआईजी सविता सुहाने,कलेक्टर हर्षल पंचोली, पुलिस अधीक्षक मोतीउर रहमान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय वशिष्ठ शर्मा, विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष रामदास पुरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत एवं अभिवादन किया।

*_गुदुम बाजा दल ने आदिवासी संस्कृति के साथ किया स्वागत_*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज अनूपपुर जिले के आगमन के अवसर पर अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ विकासखण्ड के ग्राम पिपरहा के जनजातीय वर्ग के लोक नृतकों ने परम्परागत रूप से शैला, कर्मा और गुदुम नृत्य के साथ भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय परिसर में बनाए गए हैलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक गुदुम नृतक दल द्वारा स्वागत किया गया।
*_लाडली बहनों ने पुष्प वर्षा कर किया भावभीना स्वागत बांधी राखी,मुख्यमंत्री ने राधाकृष्ण को झूला झुलाया_*
रक्षाबंधन और श्रावण उत्सव कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का कार्यक्रम स्थल में पहुंचने पर लाडली बहनों द्वारा पुष्प वर्षा कर अपने लाडले भैया का स्वागत किया गया। लाडली बहनों ने अपने भैया को राखी बांधी।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बहनों को रक्षाबंधन के उपहार स्वरूप गिफ्ट हैम्पर भेंट किए।लाडली बहनों ने भैया को आर्शीवाद प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने जन्माष्टमी के त्यौहार के उपलक्ष्य में श्रावण मास में राधा कृष्ण को झूला भी झुलाया।
*_मुख्यमंत्री ने एकलव्य आवासीय परिसर में रोपित किए फलदार पौधे,हितग्राहियों को किया गया हितलाभों का वितरण_*
अनूपपुर में लाडली बहनों के लिए आयोजित रक्षाबंधन और श्रावण उत्सव कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के तहत एकलव्य आवासीय परिसर में फलदार पौध रोपित किए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाडली लक्ष्मी योजनांतर्गत कु. ईवान्शी राठौर को आश्वासन प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना अंतर्गत रिद्धिमा कुशवाहा को राशि भुगतान प्रमाण पत्र,राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वसहायता समूह बैंक लिंकेज (सीसीएल) अंतर्गत गायत्री स्वसहायता समूह सिवनी एवं सीता स्वसहायता समूह मनौरा, जिला उद्योग एवं व्यापार केन्द्र के मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के मुमताज परवीन को कपड़ा व्यवसाय हेतु एवं प्रधानमंत्री मुद्रा योजना अंतर्गत आरती पटेल को ब्यूटीक व्यवसाय हेतु जिला शहरी विकास अभिकरण के पीएम स्वनिधि योजना अंतर्गत लक्ष्मी गुप्ता को कागज डिस्पोजल सामग्री निर्माण हेतु एवं पीएम स्वनिधि योजना अंतर्गत मुन्नी बाई कहार को फास्ट फूड व्यवसाय हेतु हितलाभों का वितरण किया। इसी प्रकार जनजातीय कार्य विभाग के सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना अंतर्गत अंकिता वर्मा को, मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना अंतर्गत डेयरी इकाई हेतु सुश्री प्रेमवती बैगा तथा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना अंतर्गत श्रीमती राधा बाई को तालाब निर्माण हेतु हितलाभ वितरित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्री रामसेवक पटेल को कृषि विभाग अंतर्गत पैडी ट्रांस प्लांटर (धान रोपने की मशीन), श्री अमर सिंह को सामाजिक न्याय विभाग अंतर्गत श्रवण यंत्र तथा श्रीमती सुमित्रा बाई कोल को व्हील चेयर का वितरण किया।
*_मुख्यमंत्री ने 96 करोड़ 69 लाख रुपये लागत के 201 कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमि पूजन_*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रक्षाबंधन और श्रावण उत्सव कार्यक्रम में 176 कार्यों का लोकार्पण एवं 25 कार्यों का भूमि पूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अनूपपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के 14 कार्य लागत 2302.27 लाख रुपये, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 110 कार्य लागत 1224.73 लाख रुपये, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 21 कार्य लागत 1563.80 लाख रुपये, सर्व शिक्षा अभियान के 20 कार्य लागत 279.67 लाख रुपये, लोक निर्माण विभाग (पीआईयू) के 5 कार्य लागत 1139.97 लाख रुपये, लोक स्वास्थ्य से एवं परिवार कल्याण विभाग के 4 कार्य लागत 195.24 लाख रुपये, जल संसाधन विभाग का 01 कार्य लागत 1359.0 लाख रुपये एवं ऊर्जा विभाग का 01 कार्य लागत 89.95 लाख रुपये कुल 176 कार्य लागत 8154.63 लाख रुपये का लोकार्पण किया।इसी प्रकार मुख्यमंत्री ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 10 कार्यों लागत 107.09 लाख रुपये, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा अनूपपुर के 09 कार्य लागत 540.00 लाख रुपये, लोक निर्माण विभाग (पीआईयू) का 01 कार्य लागत 404.46 लाख रुपये, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के 5 कार्य लागत 462.88 लाख रुपये कुल 25 कार्य लागत 1514.43 लाख रुपये का भूमिपूजन किया।



